VIP कमरों में रोशनी, ऑपरेशन थिएटरों में अंधेरा…
पाकिस्तान से आए वायरल वीडियो में सर्जन ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन थिएटरों में सर्जरी चल रही थी, लेकिन जनरेटर का ईंधन खत्म हो जाने से मरीज अंधेरे में डूब गए, जबकि अस्पताल के VIP ब्लॉक में जनरेटर निर्बाध रूप से चल रहे थे।
20 अप्रैल, 2026 – नई दिल्ली : अक्सर पाकिस्तान से अजीबोगरीब तस्वीरें सामने आती रहती हैं, लेकिन लाहौर के सर्विसेज अस्पताल में एक सर्जन ने पाकिस्तान के गहराते बिजली संकट की भयावह तस्वीर सोशल मीडिया पर उजागर कर दी है।
वायरल वीडियो में सर्जन ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन थिएटरों में सर्जरी चल रही थी, लेकिन जनरेटर का ईंधन खत्म हो जाने से मरीज अंधेरे में डूब गए, जबकि अस्पताल के VIP ब्लॉक में जनरेटर निर्बाध रूप से चल रहे थे।
वीडियो में सर्जन ने कहा कि हम सर्विसेज अस्पताल से हैं। यह ऑपरेशन थिएटर है। यहां तीन तरह के मरीज हैं और उनकी सर्जरी चल रही है। इस समय जनरेटर का तेल खत्म हो गया है। VIP ब्लॉक के जनरेटर चल रहे हैं, लेकिन ऑपरेशन थिएटर के जनरेटर बंद हो गए हैं। हमें नहीं पता कि ये मरीज कैसे बचेंगे। यही हमारे देश की हालत है। पिछले 30 मिनट से हमें समझ नहीं आ रहा कि इन मरीजों का क्या करें।
सर्जन ने अमीर और गरीब मरीजों के बीच सुविधाओं की असमानता पर तीखा सवाल उठाया। घटना 17 अप्रैल 2026 के आसपास हुई, जब पाकिस्तान में बिजली कटौती चरम पर थी।
पाकिस्तान इन दिनों भीषण बिजली संकट से जूझ रहा है। देश के कई हिस्सों में 15 घंटे तक बिना पूर्व सूचना के लोड शेडिंग हो रही है। शहरी क्षेत्रों (खासकर लाहौर और कराची) में 3 से 8 घंटे या उससे अधिक समय तक बिजली गुल रह रही है, जबकि ग्रामीण इलाकों में 10 से 16 घंटे तक बिजली नहीं आ रही।
अधिकारी दावा करते हैं कि शाम के समय लोड शेडिंग सिर्फ 2-2.5 घंटे तक सीमित है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे काफी अलग है। बार-बार बिजली कटौती से आम जनता में गुस्सा बढ़ रहा है और सरकारी योजनाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया है। यूजर्स इसे पाकिस्तान की व्यवस्था की नाकामी और VIP कल्चर का प्रतीक बता रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि गरीब मरीजों की जान खतरे में है, जबकि VIP सुविधाओं का मजा ले रहे हैं। कुछ ने इसे शहबाज शरीफ सरकार की विफलता से जोड़ा।
दैनिक जागरण