26 सितंबर, 2026 – गुरदासपुर : सुजानपुर के पुल नंबर 5 पर एक दर्दनाक हादसे में मूंगफली की रेहड़ी लगाकर परिवार का गुजारा करने वाले एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। जानकारी देते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक लंबे समय से वहां मूंगफली की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा कर रहा था।
बताया जा रहा है कि जब वह अपनी कड़ाही उठाने लगा तो अचानक उसका पैर फिसल गया और कड़ाही बिजली के खंभे से जा टकराई। खंभे पर मौजूद खुले बिजली के जोड़ के कड़ाही के संपर्क में आने से उसे करंट लग गया और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, खंभे के पास बिजली के जोड़ खुले हुए थे। उनका कहना है कि अगर इन जोड़ को सुरक्षित तरीके से ढका गया होता तो शायद यह हादसा टल सकता था। हालांकि, हादसे की वास्तविक तकनीकी वजह या बिजली के जोड़ की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मृतक अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गया है।
लोगों ने बताया कि दो बच्चे छोटे हैं, जबकि एक लड़की जवान है। परिवार के इकलौते कमाने वाले की मौत के बाद परिवार के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे के बाद लोगों ने नगर कौंसिल और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
पंजाब केसरी