पाकिस्तान के रास्ते पर निर्भरता खत्म
अफगानिस्तान की एरियाना अफगान एयरलाइंस ने काबुल-दिल्ली कार्गो फ्लाइट की शुरुआत की है। इसे भारत और अफगानिस्तान के व्यापार के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है। भारत और अफगानिस्तान लंबे समय से व्यापार को बढ़ाने की कोशिशें कर रहे हैं। इससे भारत और अफगानिस्तान के व्यापार में तेजी आने की उम्मीद है।
28 सितंबर, 2026 – काबुल: एरियाना अफगान एयरलाइंस ने यूएई स्थित एयर चार्टर एक्सप्रेस के साथ साझेदारी करते हुए एक साल के अनुबंध के तहत काबुल और दिल्ली के बीच कार्गो उड़ानें शुरू की हैं। इस कार्गो सर्विस से यात्री विमानों में न आ पाने लायक दवाइयां, आवश्यक वस्तुओं, सूखे मेवे और केसर जैसे सामान तेजी से भारत पहुंच सकेंगे। इससे अफगानिस्तान के व्यापारियों को सुरक्षित और सस्ता परिवहन भी उपलब्ध होगा, जिससे वे अपने सामानों को भारत के बाजार तक पहुंचा सकेंगे।
तालिबान और अफगान नागरिकों ने किया स्वागत
एरियाना अफगान एयरलाइंस के प्रमुख, बख्त-उर-रहमान शराफत ने कहा कि यह सर्विस अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेज, सुरक्षित और सस्ता परिवहन प्रदान करेगी। कई अफगान व्यापारिकों ने भारत-अफगानिस्तान संबंधों को बढ़ावा देने के रूप में इस एयर कार्गो सर्विस का स्वागत किया है। तालिबान भी भारत-अफगानिस्तान के बीच सीधी कार्गो उड़ान से खुश है और उसे उम्मीद है कि इससे व्यापार में तेजी आएगी, जिससे अफगानिस्तान की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
भारत-अफगानिस्तान संबंध होंगे मजबूत
नई एयर कार्गो सर्विस शुरू होने से भारत और अफगानिस्तान के संबंध और ज्यादा मजबूत होने की उम्मीद है। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद भारत ने लंबे समय तक दूरी बनाकर रखी। लेकिन, बाद में बदलते हालात को देखते हुए भारत ने एक बार फिर अफगानिस्तान में अपनी उपस्थिति बढ़ानी शुरू की है। भारत लगातार अफगानिस्तान की मदद कर रहा है और उसकी अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने में मदद कर रहा है।
अफगानिस्तान की पाकिस्तान पर निर्भरता होगी खत्म
अफगानिस्तान चारों ओर से जमीन से घिरा मुल्क है। वह लंबे समय तक विदेशी व्यापार के लिए पाकिस्तान पर निर्भर रहा है। हालांकि, हाल के वर्षों में अफगानिस्तान-पाकिस्तान संबंधों में आए तनाव से उसका विदेशी व्यापार लगभग ठप पड़ गया है। पाकिस्तान ने दबाव बनाने की रणनीति के तहत अफगानिस्तान सीमा को बंद कर दिया है। ऐसे में हवाई यातायात अफगानिस्तान के लिए एक वरदान बनकर उभरा है। वह अपने सामानों को हवाई जहाज की मदद से विदेशों को निर्यात कर रहा है।
नवभारत टाइम्स