‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के 84 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने स्वतंत्रता सेनानियों के साहस और बलिदान को नमन किया।
10 अगस्त, 2026 – नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐतिहासिक ‘ भारत छोड़ो आंदोलन ’ में हिस्सा लेने वाले लोगों को याद करते हुए रविवार को कहा कि उनका साहस हर भारतीय के लिए हमेशा प्रेरणा बना रहेगा। ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ महात्मा गांधी के नेतृत्व में नौ अगस्त 1942 को शुरू हुआ था। इस आंदोलन ने देश की स्वतंत्रता की लड़ाई को निर्णायक गति दी थी।
पीएम मोदी ने किया पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ऐतिहासिक भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों को याद कर रहा हूं। उनका साहस हर भारतीय के लिए हमेशा प्रेरणा बना रहेगा।
स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण पड़ावों में एक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘भारत छोड़ो’ के आह्वान ने स्वतंत्रता संग्राम में नई ऊर्जा का संचार किया और औपनिवेशिक शासन से मुक्ति पाने के लोगों के अटूट संकल्प को दर्शाया। नौ अगस्त 2026 को भारत छोड़ो आंदोलन के 84 वर्ष पूरे हो गए। यह आंदोलन देश के स्वतंत्रता संग्राम के सबसे महत्वपूर्ण पड़ावों में से एक था।
गृह मंत्री अमित शाह ने किया पोस्ट
गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि महात्मा गांधी जी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ हमारे स्वाधीनता संग्राम का वह ऐतिहासिक अध्याय है, जिसने देशवासियों को एकजुट कर अंग्रेजी शासन से मुक्ति के लिए ‘करो या मरो’ का संकल्प और अदम्य साहस प्रदान किया।
‘विकसित भारत’ का किया जिक्र
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि देश को आजाद कराने के इस महान संघर्ष में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी अमर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करता हूं। अगस्त क्रांति का यह दिन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए स्वदेशी को अपनाने, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता है।
नवभारत टाइम्स