अब सज्जन कुमार को बताया रोल मॉडल, भाजपा ने घेरा
भाजपा नेता आरपी सिंह ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए एक हत्यारा “रोल मॉडल” हो सकता है तो फिर उस पार्टी से और क्या उम्मीद की जा सकती है…
22 अगस्त, 2026 – नई दिल्ली : सिख दंगों के दोषी सज्जन कुमार की 20 अगस्त को मौत हो गई। सिख पीड़ितों के खून से लाल हाथों वाली कांग्रेस के नेताओं ने सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताया है। भाजपा ने इसका कड़ा विरोध किया है।
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन कुमार जी के निधन की खबर दुःखद है। देश के राजनीतिक परिदृश्य की अपूरणीय क्षति हुई है, उन्हें देशभर में एक ‘रोल मॉडल’ (आदर्श) की तरह देखा जाता था। वहीं कांग्रेस के नेता उदित राज ने सज्जन कुमार के निधन को पार्टी के लिए “बड़ी क्षति” बताते हुए कहा कि उन्होंने विशेष रूप से गरीबों के लिए बहुत काम किया था।
भाजपा नेता आरपी सिंह ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए एक हत्यारा “रोल मॉडल” हो सकता है तो फिर उस पार्टी से और क्या उम्मीद की जा सकती है, जिसके अपने प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने दिल्ली में करीब 3,000 निर्दोष सिखों की हत्या को यह कहकर सही ठहराने की कोशिश की थी “जब बड़ा पेड़ गिरता है, धरती हिलती है।” जिन परिवारों ने अपने बेटे, पति, पिता और भाई खोए, जिनके अपनों को जिंदा जला दिया गया उनके लिए यह “धरती का थोड़ा सा हिलना” नहीं था; यह उनकी पूरी जिंदगी का उजड़ जाना था। और आज जब कांग्रेस के नेता 1984 के सिख विरोधी नरसंहार के दोषी सज्जन कुमार को “रोल मॉडल” और “अपूरणीय क्षति” बताते हैं, तो वे साफ दिखा रहे हैं कि कांग्रेस 1984 को किस नजर से देखती है।
आरपी सिंह ने कहा कि जब दोषियों का महिमामंडन किया जाए और पीड़ितों को भुला दिया जाए, तो उस पार्टी से और क्या उम्मीद की जा सकती है, जिसके नेताओं पर 1984 के हत्याकांड में शामिल होने के आरोप लगे? सिख 1984 को कभी नहीं भूलेंगे। दिल्ली में करीब 3,000 निर्दोष सिखों की हत्या हुई थी। उनका खून और उनके परिवारों का दर्द किसी राजनीतिक श्रद्धांजलि से मिटाया नहीं जा सकता। 1984 के हत्याकांड के दोषियों का महिमामंडन करके कांग्रेस कोई विरासत का सम्मान नहीं कर रही वह पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़क रही है।
कांग्रेस का घिनौना चेहरा सामने आया
दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आज कांग्रेस का घिनौना चेहरा सामने आया है। कोर्ट ने सजा देते हुए कहा था कि किस तरीके से कांग्रेस ने सिखों का कत्लेआम कराया था। आज कांग्रेस कह रही है कि यह उनके रोल मॉडल हैं। इनके एक नेता ने कहा था कि इसकी क्षतिपूर्ति नहीं हो सकती है। एक बार राजीव गांधी ने भी कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो जमीन हिलती है।
पांचजन्य