अमित शाह ने किया 2029 तक सूबे को पूरी तरह से नशामुक्त करने का वादा
पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले BJP और शिरोमणि अकाली दल छह साल बाद फिर एकसाथ आ गए हैं।
25 नवंबर, 2026 – नई दिल्ली : पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले BJP और शिरोमणि अकाली दल छह साल बाद फिर एकसाथ आ गए हैं। दोनों दल मिलकर राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन को बहुमत मिलने पर मुख्यमंत्री शिअद का होगा। यह घोषणा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में मंगलवार को की। उन्होंने कहा कि पंजाब को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त बनाना गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य होगा। राज्य से भ्रष्टाचार समाप्त करना और देश विरोधी ताकतों को उखाड़ फेंकना भी गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अमित शाह बोले- जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री होता है…
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विस्तार को लेकर उनकी बातचीत हुई थी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को फोन किया। अब शिअद के राजग में शामिल होने से गठबंधन पूरा हो गया है। जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री होता है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और पंजाब के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा भावनात्मक रिश्ता है। भाजपा और अकाली दल ने पहले भी कई चुनाव साथ लड़े हैं। दोनों दलों ने जीत और हार का सामना किया, लेकिन उनके बीच संबंध हमेशा मजबूत रहे। गठबंधन का प्रमुख उद्देश्य पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का उन्मूलन करना तथा राज्य में राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना है।
2029 तक पंजाब को पूरी तरह से नशामुक्त करने का वादा
उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार ने तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था लेकिन नशे का कारोबार समाप्त होने के बजाय बढ़ा है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व चुनावी वादों का भी जिक्र किया। शाह ने घोषणा की कि भाजपा और अकाली दल का संकल्प है कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जाएगा। इसके साथ ही भ्रष्टाचार, ड्रग माफिया और गैंगस्टरों के आतंक को समाप्त करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। पंजाब की जनता ने राज्य में बदलाव का मन बना लिया है और गठबंधन पंजाब को फिर से खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नशे-गैंगस्टरवाद का खात्मा कर कानून का राज स्थापित करना गठबंधन का मिशन
शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को भावनात्मक रिश्ता बताते हुए कहा कि भाजपा और अकाली दल का संबंध नख-मांस यानी नाखून और मांस की तरह अटूट है। वर्ष 1996 में उनके पिता प्रकाश सिंह बादल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने परिवार जैसा रिश्ता बनाया था। आज वह रिश्ता एक बार फिर जुड़ रहा है। बादल ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों के शासन में पंजाब नशे, गैंगस्टरवाद और अव्यवस्था की समस्याओं से घिर गया है। राज्य की जवानी, किसानी, व्यापारियों और मजदूरों को बचाने की जरूरत है। पंजाब में ऐसा माहौल बनाया जाना चाहिए, जहां आम नागरिक और व्यापारी बिना डर के अपना काम कर सकें। उन्होंने कहा कि नशे और गैंगस्टरवाद का खात्मा कर कानून का राज स्थापित करना गठबंधन का मिशन होगा। बता दें कि साल 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में शिअद ने भाजपा के नेतृत्व वाले राजग से अपना नाता तोड़ लिया था।
भाजपा-अकाली दल का पुनः गठबंधन: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बड़ा राजनीतिक बदलाव
भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए फिर से गठबंधन कर लिया है। अमित शाह ने अकाली दल को बड़े भाई की भूमिका दी, मुख्यमंत्री भी उन्हीं का रहेगा।
देश की राजनीति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने आधिकारिक तौर पर एक बार फिर से हाथ मिला लिया है। इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा के लिए अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति में इस राजनीतिक फैसले पर मुहर लगाई गई।
पांचजन्य