चाइल्डलाइट ग्लोबल चाइल्ड सेफ्टी इंस्टीट्यूट की रिसर्च में सामने आया कि AI से बने बच्चों के यौन शोषण वाले मटीरियल की रिपोर्ट्स दो साल में 8,400 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गई है।
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के कारण अपराध तेजी से बढ़ा है। इसके चलते यौन शोषण की घटनाएं बढ़ी हैं। एडिनबर्ग स्थित चाइल्डलाइट ग्लोबल चाइल्ड सेफ्टी इंस्टीट्यूट की नई रिसर्च में सामने आया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े बच्चों के यौन शोषण वाले मटीरियल की रिपोर्ट्स दो साल में 8,400 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गई हैं।

रिपोर्ट में क्या आंकड़े हैं
2023 में ऐसी करीब 4,700 रिपोर्ट्स थीं। 2025 में यह संख्या 4 लाख से ऊपर पहुंच गई। ये आंकड़े अमेरिकी संस्था नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन को टेक कंपनियों द्वारा दी गई रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। इसमें डीपफेक और नडिफाई ऐप्स से बने मटीरियल भी शामिल हैं। ये छवियां नकली होने के बावजूद बच्चों से पैसे या और तस्वीरें मांगने के लिए ब्लैकमेल में इस्तेमाल हो सकती हैं।
किन इलाकों पर फोकस
यह रिसर्च मुख्य रूप से पूर्वी एशिया और प्रशांत, लैटिन अमेरिका और कैरेबियन, तथा उत्तरी अमेरिका पर केंद्रित है। इससे पहले पश्चिमी यूरोप पर अध्ययन हो चुके हैं।
इंटरनेट वॉच फाउंडेशन के आंकड़े
ब्रिटेन की इंटरनेट वॉच फाउंडेशन (आईडब्ल्यूएफ) की पिछले महीने की रिपोर्ट में भी कहा गया था कि एआई से बने ऐसे मटीरियल की मात्रा ऑनलाइन बढ़ रही है। 2026 के पहले आधे हिस्से में ही फोटोरियलिस्टिक मटीरियल पिछले पूरे साल से ज्यादा मिला। आईडब्ल्यूएफ ने इस साल अब तक 6,310 एआई इमेज की जांच की, जो पिछले साल की 4,500 से ज्यादा संख्या से 40 प्रतिशत अधिक है।
बच्चों पर असर के अनुमान
चाइल्डलाइट का अनुमान है कि हर साल दुनिया भर में 30 करोड़ से ज्यादा बच्चे कम से कम एक बार टेक्नोलॉजी के जरिए यौन शोषण या उत्पीड़न का शिकार होते हैं। करीब हर चार में से एक बच्चे के साथ 18 साल की उम्र से पहले किसी न किसी रूप में उत्पीड़न होता है।
ऑफलाइन यौन उत्पीड़न की बात करें तो उत्तरी अमेरिका में लगभग एक तिहाई लड़कियां और 10 में से एक से ज्यादा लड़के बचपन में व्यक्तिगत रूप से यौन उत्पीड़न का शिकार हुए। इसमें यौन हमला, बलात्कार और अपस्कर्टिंग जैसे अपराध शामिल हैं।
रिपोर्टिंग में बढ़ोतरी
अमेरिका में बच्चों के यौन शोषण वाले मटीरियल से जुड़ी रिपोर्ट्स और नोटिस 2024 से 2025 के बीच 63 प्रतिशत बढ़े। कनाडा में यह बढ़ोतरी 18 प्रतिशत रही।
विशेषज्ञों की टिप्पणी
चाइल्डलाइट की ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ डेटा प्रोफेसर डेबी फ्राई ने कहा कि आंकड़े बच्चों के यौन शोषण के स्तर को दिखाते हैं। उन्होंने बताया कि एआई के कारण खतरे कितनी तेजी से बदल रहे हैं। बेहतर डिटेक्शन और रिपोर्टिंग भी बढ़ोतरी का एक कारण हो सकता है, लेकिन सरकारों और टेक कंपनियों को इन नए रूपों को समझने और रोकने के लिए जल्दी कदम उठाने की जरूरत है।
चाइल्डलाइट के चीफ एग्जीक्यूटिव पॉल स्टैनफील्ड ने कहा कि लाखों बच्चे यौन शोषण का शिकार हो रहे हैं। सरकारों के पास अक्सर अधूरी तस्वीर होती है कि नुकसान कहां हो रहा है और कौन सबसे ज्यादा जोखिम में है। वे सरकारों से अपील कर रहे हैं कि इसे रोकी जा सकने वाली पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी के रूप में देखा जाए।
पांचजन्य