उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी और खेल मंत्री ने दी बधाई
मीराबाई चानू ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता
27 जुलाई, 2026 – नई दिल्ली: मीराबाई चानू ने रविवार को ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। चानू ने महिला वेटलिफ्टिंग के 48 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। यह लगातार तीसरा मौका है जब उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता है। चानू की इस उपलब्धि पर उन्हें देश के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बधाई दी है।
उपराष्ट्रपति ने एक्स पर दी बधाई
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आधिकारिक एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा, “ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतने पर मीराबाई चानू को बहुत-बहुत बधाई। इतने सालों में भारत के लिए सबसे ऊंचे स्तर पर लगातार पदक जीतने का आपका प्रदर्शन आपके जबरदस्त समर्पण, हिम्मत और बेहतरीन काम करने की आपकी कोशिश को दिखाता है। इतने सालों में आपकी शानदार कामयाबियों ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। आने वाले सालों में आपको और भी बहुत सारी तारीफें और लगातार कामयाबी की दुआ करता हूं।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “भारतीय वेटलिफ्टिंग में एक और शानदार अध्याय। प्रतिभावान मीराबाई चानू ने एक बार फिर कॉमनवेल्थ गेम्स में 48 किग्रा कैटेगरी में शानदार परफॉर्मेंस देकर स्वर्ण पदक जीतकर अपनी स्किल्स दिखाईं। लगातार तीन कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण और चौथा कॉमनवेल्थ पदक लेकर, वह हर भारतीय के लिए प्ररेणा बनी हुई हैं। उन्हें बधाई। आगे की कोशिशों के लिए शुभकामनाएं।”
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने किया पोस्ट
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा, “स्वर्ण पदक की हैट्रिक। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर मीराबाई चानू को बधाई। आपका अटूट समर्पण, शानदार निरंतरता और असाधारण ताकत भारत को वैश्विक मंच पर गर्व कराती रहेगी।”
भारत की ताकत का प्रतीक
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर लिखा, “एक चैंपियन। एक ट्रेलब्लेजर। भारत की ताकत का प्रतीक। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने पर मीराबाई चानू को हार्दिक बधाई।”
केंद्रीय मंत्री ने जताया आभार
उन्होंने लिखा, “आपकी जीत एक पदक से कहीं ज्यादा है। यह लगन, बेहतरीन काम और नारी शक्ति की कभी न हारने वाली भावना का जश्न है। देश आपको सलाम करता है और आपकी असाधारण उपलब्धि का जश्न मनाता है।”
नवभारत टाइम्स