प्रदर्शनकारियों ने ऐतिहासिक मुजफ्फराबाद लॉन्ग मार्च का किया ऐलान
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में प्रदर्शनकारियों ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। इसके तहत पहले रोके गए मुजफ्फराबाद लॉन्ग मार्च को आज से शुरू करने की घोषणा की गई है। हजारों लोगों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है।
27 जुलाई, 2026 – इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में एक बार फिर बड़े विरोध प्रदर्शन होने जा रहे हैं। PoK में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ आंदोलन की अगुवाई कर रही जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने 26 और 27 जुलाई को दो दिन के बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। कमेटी ने मुजफ्फराबाद तक ऐतिहासिक लॉन्ग मार्च करने की घोषणा की है। जाने-माने अधिकार कार्यकर्ता उमर नजीर कश्मीरी और वकील ख्वाजा मेहरान ने स्थानीय लोगों से एकजुट होने की अपील की है।
आंदोलनकारी नेताओं ने अलग-अलग क्षेत्र में पूरी तरह शटरडाउन की अपील करते हुए लोगों से लामबंद होने को कहा है। इसका मकसद अलग-अलग जगहों पर हो रहे धरनों को एकजुट होकर क्षेत्रीय राजधानी मुजफ्फराबाद की ओर एक शांतिपूर्ण मार्च में बदलना है।
पाकिस्तानी सुरक्षाबल कर सकते हैं दमन
JAAC के नेताओं ने कहा है कि उनका विरोध प्रदर्शन अहिंसक होगा क्योंकि नाराजगी सुरक्षाकर्मियों से नहीं बल्कि इस्लामाबाद के थोपे गए प्रशासनिक ढांचे से है। हालांकि, इसके पहले आंदोलनों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के भारी बल प्रयोग के रिकॉर्ड को देखते हुए एक बार फिर हिंसा की आशंका जताई जा रही है। एक महीने से ज्यादा समय से जारी प्रदर्शनों में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों से झड़पों में दर्जनों लोग मारे गए हैं।
सभी प्रदर्शनकारियों को एक जगह लाने की योजना
इस बार आंदोलन के लिए नई योजना तैयार की गई है, जिसमें अलग-अलग इलाकों में धरनों को रोक दिया जाएगा ताकि कार्यकर्ता बड़े प्रदर्शन के लिए एकजुट हो सकें। इसका पहला चरण रविवार 26 जुलाई को मीरपुर से शुरू होगा, जहां से प्रदर्शनकारियों का काफिला आगे बढ़ते हुए रावलकोट के धरने में शामिल होगा।
मुजफ्फराबाद के लिए लॉन्ग मार्च
27 जुलाई को प्रदर्शनकारी मुजफ्फराबाद की ओर लॉन्ग मार्च करेंगे। अधिकार कार्यकर्ता और आंदोलनकारी नेता एडवोकेट ख्वाजा मेहरान ने लोगों से पूरी तरह से व्यापारिक और नागरिक कामकाज बंद करने की अपील की है। उन्होंने इस प्रदर्शन को एक बड़ा और निर्णायक मोड़ बताया और लोगों से बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरने का आग्रह किया है।
नवभारत टाइम्स