दुनिया का पहला ऑप्टोसार सैटेलाइट लॉन्च, पीएम मोदी ने की सराहना
04 मई, 2026 – नई दिल्ली : भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की निजी कंपनी गैलेक्सआई ने मिशन दृष्टि के जरिए वैश्विक स्तर पर अपनी ताकत दिखाई है। क्या यह स्टार्टअप क्रांति अंतरिक्ष विज्ञान में भारत को दुनिया का नया केंद्र बनाएगी? युवाओं का यह तकनीकी कौशल भविष्य की सुरक्षा और निगरानी की चुनौतियों को किस तरह बदलेगा?
पीएम मोदी ने रविवार को दुनिया के पहले ऑप्टोसार सैटेलाइट मिशन दृष्टि के सफल प्रक्षेपण की सराहना की है। बंगलूरू स्थित अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सआई ने इस उपग्रह को बनाया है। गैलेक्सआई के मिशन दृष्टि उपग्रह को रविवार को कैलिफोर्निया से स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में भेजा गया। यह भारत में किसी निजी संस्थान की ओर से बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा उपग्रह है।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने इस उपलब्धि को भारत के लिए गौरवशाली बताया है। उन्होंने कहा कि गैलेक्सआई का मिशन दृष्टि हमारी अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है। दुनिया के पहले ऑप्टोसार उपग्रह और भारत में सबसे बड़े निजी तौर पर निर्मित उपग्रह का सफल प्रक्षेपण नवाचार और राष्ट्र-निर्माण के लिए हमारे युवाओं के जुनून का एक प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने गैलेक्सआई की पूरी टीम और इसके संस्थापकों को इस बड़ी कामयाबी पर बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
बेहद खास है यह मिशन
तकनीकी रूप से यह मिशन बेहद खास है। कंपनी के अनुसार, ‘मिशन दृष्टि’ दुनिया का पहला ऐसा उपग्रह है जिसमें इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और सिंथेटिक अपर्चर रडार सेंसर एक साथ काम करेंगे। यह आधुनिक तकनीक किसी भी मौसम, बादलों के बीच और रात के अंधेरे में भी धरती की स्पष्ट तस्वीरें लेने में सक्षम है।
अमर उजाला